आज बुधवार, 31 दिसंबर को घरेलू सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में लगातार दूसरे दिन गिरावट दर्ज की गई। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, 24 कैरेट सोना 10 ग्राम पर ₹1,404 टूटकर ₹1,33,195 पर आ गया है। एक दिन पहले इसका भाव ₹1,34,599 प्रति 10 ग्राम था।
वहीं, चांदी की कीमत में भी नरमी देखने को मिली है। एक किलो चांदी ₹1,909 सस्ती होकर ₹2,30,420 प्रति किलो पर पहुंच गई है। इससे पहले मंगलवार को चांदी ₹2,32,329 प्रति किलो पर बंद हुई थी। लगातार पांच दिन की तेजी के बाद चांदी में यह गिरावट का दूसरा दिन है।
हाल ही में बनाए थे ऑल टाइम हाई
29 दिसंबर को कारोबार के दौरान सोना ₹1,38,161 प्रति 10 ग्राम और चांदी ₹2,43,483 प्रति किलो तक पहुंच गई थी। ये दोनों ही अब तक के सबसे ऊंचे स्तर यानी ऑल टाइम हाई रेट रहे हैं।
एक साल में रिकॉर्ड उछाल
बीते एक साल में कीमती धातुओं ने निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है।
- सोना: पिछले साल 31 दिसंबर 2024 को 24 कैरेट सोना ₹76,162 प्रति 10 ग्राम था, जो अब बढ़कर ₹1,33,195 हो गया है। यानी करीब 75% की बढ़त।
- चांदी: एक साल में चांदी ₹86,017 से उछलकर ₹2,30,420 प्रति किलो पहुंच गई है, यानी करीब 167% की तेजी।
अलग-अलग शहरों में दाम क्यों बदलते हैं?
IBJA द्वारा जारी किए गए रेट्स में 3% GST, मेकिंग चार्ज और ज्वेलर्स का मार्जिन शामिल नहीं होता। इसी वजह से अलग-अलग शहरों में सोने-चांदी के दाम अलग हो सकते हैं। इन रेट्स का इस्तेमाल RBI सोवरेन गोल्ड बॉन्ड के दाम तय करने और कई बैंक गोल्ड लोन की कीमत निर्धारित करने में करते हैं।
सोने में तेजी के 3 बड़े कारण
- डॉलर में कमजोरी – अमेरिका में ब्याज दरों में कटौती से डॉलर कमजोर हुआ, जिससे सोने की होल्डिंग लागत घटी।
- जियोपॉलिटिकल तनाव – रूस-यूक्रेन युद्ध समेत वैश्विक तनावों के चलते निवेशक सोने को सुरक्षित विकल्प मान रहे हैं।
- सेंट्रल बैंकों की खरीदारी – चीन जैसे देश अपने रिजर्व बढ़ाने के लिए भारी मात्रा में सोना खरीद रहे हैं।
चांदी में तेजी के 3 मुख्य कारण
- इंडस्ट्रियल डिमांड – सोलर पैनल, इलेक्ट्रॉनिक्स और EV सेक्टर में चांदी की मांग तेजी से बढ़ी है।
- अमेरिकी टैरिफ का डर – संभावित टैरिफ को लेकर अमेरिकी कंपनियां चांदी का स्टॉक बढ़ा रही हैं।
- मैन्युफैक्चरिंग प्रेशर – सप्लाई रुकने की आशंका के चलते निर्माता पहले से खरीदारी कर रहे हैं।
आगे क्या रहेगा रुख?
केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया के मुताबिक, चांदी की मांग मजबूत बनी हुई है। अनुमान है कि अगले एक साल में चांदी ₹2.75 लाख प्रति किलो तक जा सकती है। वहीं, इस साल के अंत तक इसके ₹2.10 लाख के आसपास रहने की संभावना है।
सोने की बात करें तो मजबूत डिमांड के चलते आने वाले साल में यह ₹1.50 लाख प्रति 10 ग्राम का स्तर भी पार कर सकता है।

